अगले चार दिनों में पांच डिग्री से ज्यादा बढ़ेगा तापमान:झारखंड में बढ़ रही है गर्मी, बढ़ती गर्मी कर रही है इशारा टूट जायेगा बढ़ते तापमान का रिकार्ड
राज्य में गर्मी बढ़ रही है राजधानी रांची के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। संभावना जताई जा रही है कि अगले दो से चार दिनों में झारखंड का तापमान चार से पांच डिग्री बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अभी गर्मी से किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी। तापमान में हो रही बढ़ोतरी का असर दिखने लगा है। इस साल के आंकड़े देखें तो गर्मी का रिकार्ड टूट सकता है क्योंकि मध्य अप्रैल में ही रांची का तापमान 35 के पार जा रहा है
रांची का तापमान हो सकता है 40 के पार
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन से चार दिनों में ही राजधानी रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। अभी राजधानी रांची का तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।जमशेदपुर में अभी तापमान में और बढ़त होने की संभावना है इस वक्त यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि के आसपास है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अभी तापमान में बढ़त जारी रहेगी।
बारिश से मिली थी राहत अब मौसम नहीं बदलेगा अपना मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है। झारखंड भी इन राज्यों में शामिल है जहां तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले कुछ दिन राजधानी रांची के तापमान में गिरावट रही क्योंकि बारिश की वजह से मौसम का मिजाज थोड़ा आरामदायक हो गया था। अभी मौसम के मिजाज बदलने की दोबारा संभावना नहीं जताई जा रही है। बढ़ते तापमान के साथ तपती धूप की वजह से गर्मी अभी और परेशान करेगी। तेज धूप की वजह से हीट वेव का खतरा बढ़ रहा है।