मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेडिकल प्रोटेक्शन बिल सहित 40 प्रस्तावों को मंजूरी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा एवं संपत्ति नुकसान) निवारण विधेयक (मेडिकल प्रोटेक्शन विधेयक ) 2023 को मंजूरी दे दी गई। बैठक में 40 प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसके साथ ही पंडरा-कांके पथ को फोरलेन करने की मंजूरी मिली।
निकाय चुनाव की अधिसूचना रद्द
सुप्रीम कोर्ट के एसएलपी के आलोक में नगरपालिका निर्वाचन 2023 से संबंधित अधिसूचना रद्द कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने पिछड़ा आरक्षण ट्रिपल टेस्ट के आधार पर देने की बात कही थी। ऐसे में सरकार ने निकाय चुनाव से संबंधित अधिसूचना 17 अक्तूबर 2022 को जारी की थी।
शैक्षणिक संस्थानों से 25 फीसदी होल्डिंग टैक्स
कैबिनेट ने झारखंड नगर पालिका संपत्ति कर निर्धारण संग्रहण व वसूली नियमावली 2022 के नियम चार व छह में संशोधान कर होल्डिंग वसूली के फार्मूले में बदलाव को मंजूरी दी है। अब एक प्रमंडल में जितने भी नगर निकाय हैं, सभी की दर का औसत निकालकर उस निकाय का होल्डिंग तय किया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों से 25 फीसदी ही होल्डिंग टैक्स ली जाएगी।