बिहार में हाई-वे पर 30 किमी तक फायरिंग:बेगूसराय SP बोले- 2 बाइक पर आए थे 4 सीरियल शूटर्स; 11 को मारी गोली

बिहार के बेगूसराय में मंगलवार शाम 6 बजे NH-28 पर 2 बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। 30 किलोमीटर के दायरे में दोनों बदमाश गोलियां चलाते रहे। रास्ते में जो आया उसे शूट कर दिया। इसमें 11 लोगों को गोली लगी।

गोली लगने से पंचायत समिति सदस्य चंदन कुमार की मौत हो गई, वहीं एक प्राइवेट फाइनेंस कर्मचारी सहित 10 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका की तरह ऐसी मास फायरिंग की गई है। संभवत: यह भारत का पहला ऐसा मामला है।

बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि 2 बाइक से 4 सीरियल शूटर्स आए थे। गाड़ी पर पीछे बैठे लोगों ने फायरिंग की है। गाड़ी चलाने वालों ने मास्क लगा रखा था। तस्वीरों से साफ हुआ है कि 2 बाइक से वारदात को अंजाम दिया गया है। सभी आरोपी यंग हैं। करीब 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

भाजपा ने आज बेगूसराय बंद बुलाया है। केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने नीतीश कुमार का इस्तीफा मांगा है। एसपी ने इस मामले में पुलिस की लापरवाही मानी है। और 7 पुलिस वालों को सस्पेंड कर दिया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शूट आउट में मारे गए चंदन की अर्थी को कंधा दिया। उन्होंने कहा कि चंदन का कसूर था कि वह जंगलराज में पैदा हुआ।

इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने DGP एसके सिंघल को फोन कर मामले की जानकारी ली है।

बेगूसराय में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन

ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार के अनुसार BSAP की 3 कंपनियों को बेगूसराय भेजा गया है। इसमें BSAP-8 की 2 और 1 कंपनी DIG रिजर्व की शामिल है। इनके अलावा 1 यूनिट बिहार STF की भी बेगूसराय भेजी गई है। वहां जिला पुलिस की टीम पहले से काम कर रही है।

इसके साथ ही इनकी नजर बेगूसराय जिले में बंद बड़े और पुराने अपराधियों पर भी है। जेल में बंद अपराधियों से पूछताछ की गई है। अपराधी किस गैंग से जुड़े हैं? गैंग नया है या पुराना? इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। एक बात तो तय है कि अपराधियों ने दहशत और वर्चस्व कायम करने के लिए ही आम लोगों को गोली मारने के सीरियल वारदात को अंजाम दिया है।

फायरिंग में मृतक और घायलों की पहचान हुई

मृतक चंदन कुमार (पिपरा गांव), घायलों में विशाल सोलंकी (पटना), रंजीत यादव (मोकामा), नितेश कुमार (बेगूसराय), गौतम कुमार (तेयाय), अमरजीत कुमार (बरौनी), नीतीश कुमार (मंसूरचक), मोहन राजा (मरांची), प्रशांत कुमार रजक और भरत यादव।

40 मिनट में 30 किलोमीटर के दायरे में जो आया शूट करते गए
NH-28 पर काले रंग का हेलमेट और सफेद शर्ट पहनकर एक बदमाश बाइक चला रहा था, पीछे बैठा युवक ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहा था। दोनों बदमाशों ने 40 मिनट में 30 किलोमीटर की दूरी तक फायरिंग करते रहे। इस दौरान उन्होंने 11 लोगों को गोली मारी।

7 जिलों में अलर्ट….जगह-जगह नाकाबंदी और छापेमारी

बेगूसराय में फायरिंग के बाद 7 जिलों में अलर्ट जारी किया है। बेगूसराय और पटना के अलावा समस्तीपुर, खगड़िया, नालंदा, लखीसराय और मुंगेर जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई है। इन जिलों की पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर बाइक सवार अपराधियों की तलाश में जुटी है। बेगूसराय की सीमाओं को सील कर दिया गया है।

चश्मदीद बोला- जब तक संभल पाता हाथ में गोली लग गई थी
घायल गौतम कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम मैं गैस की गाड़ी लगाकर NH-28 के किनारे खड़ा था। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो लोग आए और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। मैं जब तक संभल पाता, तब मेरे हाथ में गोली लग गई। इसके बाद अपराधी फायरिंग करते हुए आगे बढ़ गए। बता दें कि गौतम कुमार गैस वेंडर है। वह इस वक्त सदर अस्पताल में भर्ती है।

घायल जीतू पासवान ने बताया कि अपने ठेले पर बर्फ बेच रहा था। तभी पीछे से अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। मैंने सोचा कि ठेले के नीचे छिप जाऊं। जैसे ही नीचे झुका मेरे पैर में एक गोली लगी। मैं जमीन पर गिर गया। अपराधी आगे बढ़े और दूसरे युवक को गोली मार दी। लोग चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन अपराधी ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मुझे अस्पताल पहुंचाया।

भाजपा ने कहा- गोलियों की बरसात हो रही, बिहार आने वाले क्या सोचेंगे

राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि बिहार और हिन्दुस्तान के इतिहास में यह ऐसी पहली घटना है। यह बहुत दुर्भाग्य है कि जब से बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी है, तब अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। बिहार के लोग दहशत में जी रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस मामले में फौरन हस्तक्षेप करना चाहिए।

पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज हर जगह गोली चल रही है। ऐसा लग रहा है जैसे की गोली की बरसात हो रही है। हमारे बिहार में बाहर से आने वाले लोग क्या सोचेंगे।

फायरिंग करने वालों के पटना भागने की खबर, अलर्ट जारी

ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि जिले की पुलिस टीम लगातार काम कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है। अपराधियों के पटना की तरफ भागने की सूचना मिली, वैसे ही पटना पुलिस को अलर्ट किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *